लोहाघाट के भुमलाई में तस्करों द्वारा देवदार का वृक्ष काटकर उसी चीरने के लिए बनाए गए सांचे।
- फोटो : अमर उजाला
भुमलाई में अवैध रूप से देवदार के पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है। देवदार काटने की सूचना पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं। मौके से पांच गिल्टों को बरामद किया। टीम आने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
रविवार को किसी व्यक्ति ने उप जिलाधिकारी आरसी गौतम को भुमलाई में अवैध रूप से देवदार के पेड़ काटने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही एसडीएम पुलिस और वन विभाग की टीम को साथ लेकर मौके में पहुंच गए। टीम आने की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। एसडीएम ने बताया कि तस्करों ने देवदार के को काटकर उसमें तख्ते, बल्ली बनाने के लिए सांचे बनाकर उसमें गिल्टे चढ़ाए गए थे।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व उप निरीक्षक राजेंद्र नाथ गोस्वामी ने मौके में पहुंचकर पांच गिल्टों को वन विभाग के वन दरोगा आरडी मठपाल और वनबीट अधिकारी रियाज अहमद के सुपुर्द कर दिया गया है। राजस्व उप निरीक्षक ने ग्राम प्रहरी प्रकाश पुनेठा को जब्त किए गए गिल्टों की निगरानी के आदेश दिए हैं। रेंजर दीप जोशी का कहना है कि अवैध रूप से पेड़ का कटान करने वालों का पता लगाया जा रहा है। तस्कारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के साथ एसआई हेम चंद्र जोशी, कांस्टेबल नवल किशोर, अशोक पुरी साथ थे।