लोहाघाट में सब्जी व्यापारियों को ओवर रेट सब्जियां न बेचने की हिदायत देते एसडीएम आरसी गौतम।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। लॉकडाउन के बाद अचानक सब्जियों की कीमतों में की गई बढ़ोतरी पर लोग भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने एसडीएम को शिकायत कर सब्जियों के दामों में हो रही बढ़ोतरी पर रोक लगाने के साथ प्रतिदिन सब्जियों की दुकानों में रेट लिस्ट लगाने की मांग की।
इस शिकायत पर बृहस्पतिवार को एसडीएम आरसी गौतम, तहसीदार अबराह अहमद ने नगर क्षेत्र में सब्जी की दुकानों का निरीक्षक किया। इस दौरान कई व्यापारी अधिक दाम में सब्जियां बेचते पाए गए। इन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया। एसडीएम ने शुक्रवार से कीमतें न बढ़ाने और मूल्य सूची चस्पां करने के निर्देश दिए। अधिक दाम पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। एसडीएम के साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव राय व कोषाध्यक्ष सतीश मुरारी भी थे। इधर बाराकोट में भी लोगों ने प्याज, टमाटर सहित कई सब्जियों के दाम में 30 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की शिकायत की है।
जरूरी सामान लाने को 83 वाहनों को पास
लोहाघाट (चंपावत)। लॉकडाउन के दौरान लोगों को राशन और सब्जियों आदि की किसी भी प्रकार की दिक्कतें न हों इसके लिए प्रशासन आवश्यकीय वस्तुओं को बाहर से लाने के लिए वाहनों के पास बनाए जा रहे हैं। एसडीएम आरसी गौतम के नेतृत्व में पूरा राजस्व विभाग मुस्तैदी के साथ ड्यूटी में जुटा हुआ है। अब तक बाहरी क्षेत्रों से जरूरी सामग्री लाने के लिए 83 वाहनों को लॉकडाउन तक सामान लाने की अनुमति दी गई है। बृहस्पतिवार को 24 वाहनों को अनुमति दी गई है। बीमार लोगों को बाहर ले जाने वाले वाहनों को भी अनुमति दी जा रही है। संवाद