प्राथमिक विद्यालय डाबरी में शुक्रवार को टीचर नहीं पहुंची तो स्कूल के किचन में ताला लटका रहा। इस कारण स्कूल में अध्ययनरत बच्चे मिड-डे-मील से वंचित होकर भूखे रहे। इस संबंध में स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश जोशी ने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक सत्यनारायण से मुलाकात कर ज्ञापन के जरिए मामले की जानकारी दी।
एसएमसी अध्यक्ष का कहना था कि स्कूल में तैनात शिक्षिका की मनमानी से स्कूल में अध्ययनरत 19 बच्चों को सर्व शिक्षा अभियान के तहत उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को किचन की चाबी नहीं होने से स्कूल में आए बच्चों को मिड-डे-मील नहीं मिल पाया।
इससे एक दिन पूर्व भी मिड-डे-मील के लिए स्कूल में दाल उपलब्ध नहीं थी। उनका कहना था कि स्कूल में दो फरवरी से मिड-डे-मील में मिलने वाला अंडा केवल एक ही बार दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक का कहना है कि एसएमसी अध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच होगी। आरोप सही साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी।