दस्तावेजों का आदान प्रदान करते दोनों संस्थाओं के अधिकारी
- फोटो : AMAR UJALA
टनकपुर के एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज ने इक्फा विश्वविद्यालय ग्रुप (आईसीएफएआई) के साथ सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। देहरादून में दोनों पक्षों के बीच 8 अप्रैल को विधिवत हस्ताक्षर हुए हैं। एमओयू के अंतर्गत आईसीएफएआई टनकपुर के राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की तकनीकी शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने में सहयोग करेगा।
टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. अमित अग्रवाल और आईसीएफएआई के कुलसचिव बिग्रेडियर राजीव सेठी की ओर से सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू तीन साल का होगा। इसके अंतर्गत आईसीएफएआई की ओर से तकनीकी शिक्षा के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सहयोग किया जाएगा।
विशेषज्ञ शिक्षक पढ़ाने के लिए आने के अलावा विभिन्न सम्मेलन, सेमिनार आदि का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा टनकपुर में ई-पुस्तकालय भी विकसित किया जाएगा। करार के मुताबिक होने वाली गतिविधियां जल्द शुरू होंगी। नवंबर 2016 में खुले टनकपुर कॉलेज में दो ट्रेड चल रहे हैं जिनमें 79 छात्र-छात्राएं हैं।
इस मौके पर आईसीएफएआई के कुलपति डॉ. पवन कुमार अग्रवाल, उप कुलपति डॉ. एम विनय, कुलसचिव बिग्रेडियर राजीव सेठी, कंप्यूटर इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष अमित दास मौजूद थे।