बनबसा (चंपावत)। बनबसा स्थित एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन (टीपीएस) ने वर्ष 2021-22 में सर्वाधिक 540 मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है। टीपीएस में जल्द ही स्केडा सिस्टम भी तैयार किया जाएगा जिससे जनरेशन ऑपरेशन के सभी कार्य स्वचालित होंगे।
एनएचपीसी टीपीएस के मुखिया महाप्रबंधक राजीव सचदेवा ने बताया कि एनएचपीसी पूरे देश में 24 पावर स्टेशनों का संचालन कर रही है। एनएचपीसी की कुल संस्थापित क्षमता 7071 मेगावाट है। टीपीएस को 452 एमयू बिजली उत्पादन का लक्ष्य मिला है।
टीपीएस की कमीशनिंग तिथि 31 मार्च 1992 है। तब से इस वर्ष जुलाई में 70.10 एमयू बिजली का सर्वाधिक मासिक उत्पादन हुआ है। पिछले वर्ष जुलाई, नवंबर, दिसंबर में भी सबसे अधिक मासिक बिजली उत्पादन हुआ था।
उन्होंने बताया कि एनएचपीसी 5999 मेगावाट की कुल संस्थापित क्षमता की नौ परियोजनाओं का निर्माण भी कर रही है। कुल 10787.1 मेगावाट क्षमता की 16 अन्य परियोजनाओं को मंजूरी मिलना भी तय है। इन परियोजनाओं से एनएचपीसी खुद की 10 और संयुक्त उद्यम की छह परियोजनाएं बनाएगी। कुल 1130 मेगावाट क्षमता की चार परियोजनाएं सर्वेक्षण एवं अन्वेषण के चरण में हैं।