टनकपुर (चंपावत)। आपसी कलह के चलते पति ने पत्नी के मायके जाकर पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। घायल पत्नी ने इलाज कराने के बाद पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि नायकगोठ निवासी प्रेम सिंह का अपनी पत्नी गीता देवी (35) के साथ एक साल से विवाद चल रहा है। इसके चलते गीता थ्वालखेड़ा मायके में रह रही है। इससे आक्रोशित प्रेम सिंह बुधवार रात करीब नौ बजे थ्वालखेड़ा पहुंचा और पत्नी को बात करने के बहाने घर से बाहर बुलाया। गीता के कुछ समझने से पहले प्रेम ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू से वार करते ही गीता चिल्लाती हुई घर की और दौड़ी और मायके वालों को घटना के बारे में बताया। इस बीच प्रेम मौके से फरार हो चुका था। घायल गीता को उसके मायके वाले फौरन संयुक्त चिकित्सालय लाए, जहां उपचार के उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कोतवाल ने बताया कि गीता की तहरीर पर उसके पति प्रेम सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 324, 323, 504, 506, हत्या के प्रयास में 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। घटना की तफ्तीश शुरू करने के साथ ही पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी है।