बाराकोट बीडीसी की बैठक का अधिकांश समय शिक्षा, बिजली, मनरेगा आदि विभागों के कार्यों की चर्चा पर बीता। ब्लाक प्रमुख निर्मल माहरा ने जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने की अपील की। बीडीओ पूरन सिंह रावत के संचालन में हुई बैठक में बीडीसी सदस्य दिवान सिंह बिष्ट ने बीडीसी बैठक में उठाई जाने वाली समस्याओं का अलग से रजिस्टर बनाकर समस्याओं के निस्तारण का उल्लेख किए जाने की मांग उठाई, जिस पर डीएम दीपेंद्र चौधरी ने कार्यवाही के निर्देश दिए।
भवानी टम्टा, भगवानदास जोशी, कृष्णा सिंह, प्रकाश मेहता, केशव दत्त, दीपक कालाकोटी, मनोज सामंत आदि सदस्यों ने प्रमुखता से समस्याएं उठाईं। डीएम ने रमसा के कार्यों का शीघ्र भुगतान करने, सलना-पम्दा योजना को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया। बेट्टा गांव में पेयजल के अभाव के चलते लोगों द्वारा गूल का पानी पीने पर डीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों को शीघ्र गांव का दौरा कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख रूपा गोस्वामी, राजू अधिकारी, प्रकाश अधिकारी, एसडीएम परितोष वर्मा, एएसडीएम रविंद्र बिष्ट, डीडीओ विवेक उपाध्याय, विजय माहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल अधिकारी समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी ने जानकारी दी कि अब सवर्ण जाति की पेंशनधारी विधवा की पुत्री की शादी के लिए भी सरकार 50 हजार रुपए देगी।
भुगतान न होने पर आक्रोश जताया
लोहाघाट (चंपावत)। बैठक में सूंगरखाल की प्रधान बसंती देवी ने विद्यालय के कक्षा कक्षों का भुगतान न करने पर आक्रोश व्यक्त किया, जिसमें डीएम ने तीन दिन के भीतर अधिकारियों से गांव का दौरा कर वस्तु स्थिति से उन्हें अवगत कराने का निर्देश दिया।