लोहाघाट में रायचक्की से लेकर अमला क्वाटर बदहाल सड़क में होता हॉट मिक्स।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पंचायत लोहाघाट की पहल पर लंबे इंतजार के बाद रायचक्की से लेकर अमला क्वाटर तक बदहाल सीसी मार्ग की हालत सुधारकर उसे हॉटमिक्स से पक्का करने का कार्य शुरू हो गया है।
मंगलवार को चेयरमैन गोविंद वर्मा की पहल पर करीब 400 मीटर सीसी मार्ग को तोड़कर उसमें हॉटमिक्स करने का कार्य शुरू हो गया है। चेयरमैन ने बताया कि करीब 18 साल पहले गांधी चौक से उप जिला अस्पताल तक सीसी मार्ग का निर्माण किया गया था। इस पर कई साल बाद सीसी किया गया, कच्चे मार्ग पर ही वाहन चलाने और इस मार्ग में मालवाहक वाहनों का अधिक दबाव होने के चलते सड़क जल्द खराब हो जाती थी।
सड़क में गड्ढे होने के कारण इस मार्ग पर हर वक्त दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। यह मार्ग से लोगों का अस्पताल, बीआरसी, केंद्रीय विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय जाने का प्रमुख मार्ग है। चेयरमैन का कहना था कि लोगों की दिक्कतों को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से इस मार्ग को हॉटमिक्स किया जा रहा है। बताया कि बुधवार तक रोड में हॉटमिक्स का कार्य पूरा हो जाएगा। संवाद