लधिया घाटी क्षेत्र के रीठा साहिब अस्पताल में बीते सोमवार को ताला लटका रहा। 24 दिसंबर को अमर उजाला में खबर छपने के बाद मंगलवार को अस्पताल का ताला खुल गया। इस दौरान सात मरीजों का इलाज हुआ। सीएमओ ने गैर हाजिर फार्मेसिस्ट का स्पष्टीकरण तलब किया है।
डॉक्टरविहीन रीठा साहिब के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट दीपा कश्यप सोमवार से अवकाश पर थीं। रीठा साहिब के फार्मासिस्ट के अवकाश पर होने पर मंगललेख के फार्मासिस्ट जगदीप राणा को रीठा साहिब का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया था। यहां भेजे गए फार्मासिस्ट के नहीं पहुंचने से अस्पताल में ताला लटका रहा।
स्थानीय लोगों की ओर से डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय से शिकायत करने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि सोमवार को अस्पताल नहीं पहुंचने वाले फार्मासिस्ट जगदीप राणा से मंगलवार को स्पष्टीकरण तलब किया। पत्र में तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दिसंबर का वेतन रोकने की चेतावनी दी गई है। वहीं अमर उजाला में खबर छपने के बाद रीठा साहिब के अस्पताल के ताले खुल गए और सात मरीजों का इलाज हुआ।