चंपावत। जिले में आधार कार्ड प्रमाणित न होने के कारण 3215 किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। दिसंबर 2018 से शुरू हुई किसान सम्मान निधि के तहत 37684 पंजीकृत किसानों में से 22417 किसानों को छठी किस्त मिल चुकी हैं जबकि 2086 किसानों के आवेदन पत्रों पर मंजूरी की कार्रवाई लंबित है।
मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती के अनुसार जिले में 24245 किसानों को दो हजार रुपये की पहली किस्त, 25423 किसानों को दूसरी किस्त, 25312 किसानों को तीसरी किस्त, 22806 किसानों को चौथी किस्त, 23164 किसानों को पांचवीं और 22417 किसानों को किसान सम्मान निधि की छठी किस्त का भुगतान किया जा चुका है। जिन किसानों ने किसान सम्मान निधि के लिए आवेदन किया है यदि उनके आवेदन स्वीकृत नहीं हुए हैं तो वह किसान अपने आधार कार्ड की छायाप्रति मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। (संवाद)
किसान स्वयं भी सत्यापित कर सकते हैं आधार काडर्
चंपावत। किसान स्वयं भी अपना आधार कार्ड सत्यापित कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को इंटरनेट के लिंक pmkisan.gov.in के अलावा updateaadharnobyfarmer.aspx लिंक के माध्यम से लॉग इन करना होगा। इसके बाद किसान स्वयं अपने आधार कार्ड को प्रमाणित कर सकते हैं। (संवाद)
सोशल मीडिया में वायरल हो रही है किसानों की सूची
चंपावत। सोशल मीडिया में इन दिनों जिले के ऐसे किसानों की सूची वायरल हो रही है, जिनकी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल पर आधार कार्ड सत्यापित न होने के कारण किस्तें रुकी हैं। वायरल हो रहे संदेश के साथ आधार कार्ड प्रमाणित न होने के कारण निरस्त हो चुके आवेदन पत्रों की सूची भी अटैच की गई है। (संवाद)