संवद न्यूज एजेंसी टनकपुर (चंपावत)। हाइवे पर बैठी गाय से टकराकर बाइक सवार होमगार्ड के कंपनी कमांडर घायल हो गए। संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। खटीमा में तैनात बनबसा निवासी होमगार्ड के कंपनी कमांडर नित्यानंद (53) पुत्र रामकरण सिंह रविवार की रात बाइक में बनबसा से टनकपुर की ओर आ रहे थे। बिचई गांव के पास उनकी बाइक हाइवे पर बैठी गाय से टकरा कर रपट गई। सूचना पर मौके में पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उन्हें संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्साधिकारी डॉ. वीके जोशी ने बताया कि घायल होमगार्ड कंपनी कमांडर के हाथ और पैर में चोट आई है। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है।