जीआईसी खेतीखान के मध्य गंगोल में चले सात दिवसीय एनएसएस शिविर का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। हिमांशु परध्यानी को सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी और शिवाजी को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ दल चुने गए। मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने शिविर का समापन किया।
प्रधानाचार्य उमाशंकर जोशी की अध्यक्षता और रमेश लाल टम्टा के संचालन में हुए समापन समारोह में छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।
प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे स्वयंसेवकों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम अधिकारी संजय भारद्वाज ने शिविर के दौरान किए गए कार्यों का ब्योरा रखा। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ.दिवाकर भट्ट, विरल प्रताप, प्रेमबल्लभ भट्ट, दीपक फर्त्याल, नीरज बोहरा ने विचार रखे। संदीप कलखुड़िया के संचालन में हुए शिविर में कमांडर रितेश मनराल, उप कमांडर सुधांशु डिक्टिया, राहुल जुकरिया, शिवांशु खर्कवाल, अंकित सिंह, नीरज परध्यानी के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता कार्य करने के अलावा लोगों को जागरूक किया।
जिला समन्वयक ने शिविर का मुआयना किया
जीआईसी लोहाघाट के प्राथमिक विद्यालय पाटन-पाटनी में राष्ट्रीय सेवायोजना (एनएसएस) का विशेष शिविर जारी है। स्वयंसेवकों ने गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। एनएसएस के जिला समन्वयक केएस खाती ने शिविर का निरीक्षण कर स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यक्रम अधिकारी विक्रमाजीत चौहान के दिशा-निर्देशन में स्वयं सेवकों ने पाटन-पाटनी और रायकोट गांव में जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। कैंप कमांडर योगेश पुनेठा के नेतृत्व में दल नायक मनीष बिष्ट, नवीन कुमार, युवराज बोहरा, प्रदीप अधिकारी, हिमांशु विश्वकर्मा ने पाटन-पाटनी के प्राचीन जलस्रोत और नौले की सफाई कर चमकाया। स्वयंसेवकों ने गांव के प्रसिद्ध भगवती मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्य किया। बौद्धिक सत्र में बेटियां वरदान या अभिशाप विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में हिमांशु विश्वकर्मा और मोहित बगौली अव्वल रहे। शिविर में रात को रंगारंग कार्यक्रम हुए।