फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टनकपुर से बरेली तक तेज रफ्तार लोकल ईएमयू ट्रेनें भी चलेंगी: त्रिपाठी

विज्ञापन
टनकपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी। - फोटो : TANAKPUR
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। रेल लाइन के विद्युतिकरण के बाद टनकपुर से बरेली रूट पर लोकल ट्रेन ईएमयू (इलेक्ट्रिक मोटर यूनिट) का संचालन शुरू करने की योजना है। यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने दी। त्रिपाठी शनिवार को इज्जत नगर मंडल के रेल अधिकारियों के साथ टनकपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए आए हुए थे। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
विज्ञापन

महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी शनिवार को इज्जत नगर मंडल के डीआरएम आशुतोष पंत, एडीआरएम अजय वार्ष्णेय, मंडल वाणिज्य प्रबंधक नीतू, मंडल प्रबंधक परिचालक अनुज सिंह आदि अधिकारियों के साथ जीएम स्पेशल ट्रेन में पीलीभीत से सीधे दोपहर 12:15 बजे टनकपुर स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन मास्टर पैनल रूम, लोको पायलटों के रनिंग रूम का निरीक्षण करने के साथ स्टेशन भवन के नवनिर्मित भवन का बाहरी लुक देखा और प्रशंसा की। रनिंग रूम में बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर का कनेक्शन न दिए जाने का पता चलने पर उन्होंने इलेक्ट्रिक विभाग के अधिकारियों को जल्द रनिंग के लिए जनरेटर व्यवस्था से जोड़ने के लिए कहा। पत्रकारों से वार्ता में महाप्रबंधक ने कहा कि कोविड से प्रभावित रेल सेवा जल्द सुचारु होगी। इलेक्ट्रिक रेल सेवा शुरू करने का काम तेजी से चल रहा है। पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद टनकपुर से पीलीभीत, बरेली तक लोकल ट्रेन ईएमयू भी चलाने की योजना है। इससे लोकल यात्रियों को भी तेज रफ्तार रेल सेवा का लाभ मिलेगा। पूर्णागिरि मेले में अतिरिक्त रेल सेवा के बारे में उन्होंने कहा कि मेले के लिए पहले की तहर रेल सेवा जारी रखी जाएगी। जन शताब्दी एक्सप्रेस का नाम बदलकर पूर्णागिरि एक्सप्रेस रखे जाने के बारे में महाप्रबंधक ने कहा कि मांग उठी तो नाम बदलने में कोई हर्ज नहीं है।
मां पूर्णागिरि का लिया आशीर्वाद
टनकपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने इज्जत नगर के डीआरएम और अन्य अधिकारियों के साथ शनिवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद मां पूर्णागिरि धाम के भी दर्शन किए। महाप्रबंधक त्रिपाठी टनकपुर से ही पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय के साथ देवी के दर्शन को रवाना हुए। उन्होंने दर्शन कर देवी के दरबार में पूजा-अर्चना की।
विज्ञापन

महाप्रबंधक को लोको पायलट शिखा लेकर पहुंची टनकपुर
टनकपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी को महिला लोको पायलट शिखा जायसवाल बरेली से टनकपुर लेकर आईं। महाप्रबंधक जिस जीएम स्पेशल ट्रेन में सवार होकर आए उसे शिखा चलाकर लाईं। उनके साथ सीनियर लोको पायलट संजय कुमार तिवारी भी मौजूद थे। शिखा ने कहा कि लोको पायलट बनकर वह गौरवान्वित हैं।
जन शताब्दी के समय को व्यापारियों में एक राय नहीं
टनकपुर (चंपावत)। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी को व्यापार मंडल और अन्य संगठनों ने ज्ञापन सौंप कर दिल्ली के अलावा देहरादून और मुंबई के लिए भी ट्रेन चलाने की मांग उठाई। उन्होंने टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी ट्रेन का समय यात्रियों की सुविधा को ध्यान रखते हुए तय करने का आग्रह किया है। पर समस्या यह है कि टनकपुर और बनबसा के व्यापारियों में ही ट्रेन के समय को लेकर एक राय नहीं है।
बनबसा के व्यापारी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने जहां जन शताब्दी को शाम छह से नौ बजे के बीच टनकपुर से दिल्ली के लिए रवाना किए जाने की मांग उठाई, वहीं टनकपुर व्यापार मंडल और पंचमुखी धर्मशाला कमेटी के लोगों ने जनशताब्दी को सुबह छह बजे टनकपुर से चलाने की मांग की। जन शताब्दी के समय को लेकर व्यापारियों के अलग-अलग तर्कों से असहज महाप्रबंधक ने व्यापारियों से एक राय बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि टनकपुर से दिल्ली के लिए जन शताब्दी का संचालन भी जल्द शुरू होगा। इस मौके पर इज्जत नगर मंडल के डीआरएम आशुतोष पंत के अलावा रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य सुभाष थपलियाल भी वहां मौजूद थे। (संवाद)
एक्सप्रेस रेलगाड़ियों का स्टॉपेज बनबसा बनाएं
बनबसा (चंपावत)। बनबसा रेलवे स्टेशन में सभी एक्सप्रेस और सुपरफास्ट गाड़ियों का स्टॉपेज बनाने के लिए व्यापार मंडल ने रेलवे के जीएम विनय कुमार त्रिपाठी को सौंपा। बनबसा में आमजन के अलावा सेना, एसएसबी, एनएचपीसी व अन्य सरकारी विभागों के लोगों के अलावा नेपाल के महेंद्रनगर, अतरिया, डडेलधूरा, धनगढ़ी, बैतड़ी, बजांग आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या नेपाली यात्री प्रतिदिन बनबसा से देश के दूरस्थ क्षेत्रों को आवागमन करते हैं। रोडवेज भी रोजाना दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़, राजस्थान समेत कई दूरस्थ शहरों के लिए डेढ़ सौ बसों का संचालन करता है। ऐसे में टनकपुर से संचालित होने वाली रेलवे की एक्सप्रेस रेल सेवा का बनबसा में स्टॉपेज बनाने की मांग की गई है। ज्ञापन में व्यापार मंडल प्रदेश मंत्री शंकर लाल वर्मा, अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, महामंत्री अभिषेक गोयल, उपाध्यक्ष संजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष लोकेश पारीक, संजय जोशी शामिल थे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें