स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी को पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही सीमा पर चौकसी बरतने, सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस और खुफिया विभाग कर्मियों को सीमा के हालातों की सूचना संकलन कर उच्चाधिकारियों को भेजने को भी कहा गया है।
एसएसबी के आईजी श्याम सिंह के निर्देश पर 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने अपने मातहतों को भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट रहने और पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा है। एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ-कंपनी के प्रभारी एसआई हरसुख चौहान ने बताया एफ-कंपनी बनबसा और सैलानीगोठ के जवानों की सीमा क्षेत्र पर पेट्रोलिंग के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और सीमा पर आवाजाही करने वालों पर पैनी नजर रखे हुए है। उधर डी-कंपनी प्रभारी एसआई कलजी सोढ़ा ने बताया कि बंगाली कालोनी, गढ़ीगोठ और धनुषपुल बीओपी के जवान 24 घंटे सीमा क्षेत्र की निगरानी में जुटे हैं।
बता दें कि एक पखवाड़े पूर्व केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने राज्य सरकार को भारत नेपाल सीमा पर खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। कमांडेंट केसी राना ने बताया सरकार और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एसएसबी जवानों को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चौकसी और निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक सीमा को हाई अलर्ट किया गया है। उधर सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि पुलिस को जगबूड़ा पुल, धनुषपुल, बैराज क्षेत्र के अलावा नेपाल सीमा क्षेत्रों में भी गश्त कर आने-जाने वालों की सघन तलाशी के निर्देश दिए गए हैं।