चंपावत। जिले की आपात सेवा में अब सुधार होने लगा है। 108 की चार एंबुलेंस के वापस आने के साथ ही बृहस्पतिवार से इनका संचालन शुरू हो गया है। इससे दूरदराज के ग्रामीण इलाकों के लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी।
108 के जिला प्रभारी कमल शर्मा ने बताया कि तल्लादेश के मंच, गुमदेश के पंचेश्वर, सूखीढांग और चंपावत की एंबुलेंस फिटनेस के बाद यहां पहुंच गई है जो बृहस्पतिवार से सेवा देने लगी है। इसी के साथ अब जिले की दस में से सात एंबुलेंस सेवा का लाभ लोगों को मिलने लगा है।
वहीं रीठा साहिब, बाराकोट और लोहाघाट की एंबुलेंस को फिटनेस के लिए देहरादून आरटीओ कार्यालय भेजा गया है। दावा किया गया है कि एक सप्ताह के भीतर ये तीनों सेवाएं भी सुचारू हो जाएंगी।
मामूली लापरवाही से बच्चे भी आ रहे कैंसर की गिरफ्त में
चंपावत। हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस सेवा के डॉ. अर्शी यादव ने कहा कि मामूली लापरवाही से छोटे बच्चे भी कैंसर की गिरफ्त में आ रहे हैं। कैंसर बचपन के साथ ही बच्चों के चेहरों की मुस्कान भी छीन रही है। लगातार बुखार रहने, शरीर के अंगों में धब्बे उभरना, गर्दन पर गांठ, हड्डियों में दर्द रहने जैसी दिक्कत होना कई बार कैंसर की आहट भी हो सकती है। उन्होंने ऐसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने का सुझाव दिया।
एंबुलेंस सेवा के जिला परियोजना समन्वयक सुरेश तिवारी ने बताया कि चंपावत, बाराकोट एवं पाटी ब्लॉकों के दस स्कूलों और गांवों में कार्यक्रम के जरिये कैंसर के लक्षण, बचाव के अलावा उपयोगी खानपान की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. रवींद्र सिंह, डॉ. गीता, डॉ. कुनाल, डॉ. भरत लाल मीणा आदि थे।