चंपावत। प्रदेश के खेल और शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरविंद पांडेय ने माना कि उत्तराखंड में वेंटिलेटर, पर्सनल प्रोटेक्शन किट, मास्क सहित जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी है। इसके बावजूद सरकार कोरोना वायरस से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही है। सरकार डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने का लिए हालात के हिसाब से तैनाती कर रही है।
पिथौरागढ़ जा रहे प्रभारी मंत्री ने सोमवार को खेतीखान तिराहे पर अमर उजाला को बताया कि कोरोना के खतरों से निपटने के लिए सरकार सबसे कारगर बचाव आपसी दूरी का सहारा ले रही है। लोगों की आवाजाही को पूरी तरह रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि भूखे, बेरोजगार हो चुके मजदूरों को सब जगह रोक कर संबंधित क्षेत्र के डीएम को सभी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मजदूरों के खाने और रहने की समुचित व्यवस्था सरकार कर रही है। इसलिए मजदूरों को कतई चिंतित होने की जरूरत नहीं है। भोजन बनाने के लिए चंपावत सहित पूरे प्रदेश में स्कूलों की भोजनमाताओं को लगाया जा रहा है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि जिले की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।