चंपावत। जिले की चार तहसीलों चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट और पूर्णागिरि में खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जिसके तहत खनन क्षेत्र में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों, उप केंद्रों और एएनएम केंद्रों में स्वास्थ्य संबंधी जांचों के लिए आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
चालू वित्तीय वर्ष में स्वास्थ्य विभाग को उत्तराखंड खनिज न्यास फाउंडेशन निधि के तहत 91.959 लाख आवंटित कर दिए गए हैं। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को 13 योजनाओं के तहत धनराशि का आवंटन किया गया है। इसमें टनकपुर उप जिला अस्पताल में 10.248 लाख रोगियों और उनके तीमारदारों के लिए रैन बसेरा, 3.75 लाख से दियूरी और दुधौरी उपकेंद्रों की मरम्मत, महाकाली नदी से लगे रियांसी बमनगांव के तरकुली, रैघांव, मटियाल और सुंगरखाल में 3.90 लाख से बायोमेडिकल बेस्ट बाक्स, शौचालय मरम्मत, पेयजल संयोजन उपलब्ध कराया जाएगा। बौतड़ी, नायकगोठ, खेतखेड़ा, सूवाकोट, गैडाखाली के उपकेंद्रों की मरम्मत, एएनएएम सेंटर उचौलीगोठ में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाएगा। चल्थी पशु चिकित्सालय के जीर्णोद्धार के लिए 20 के सापेक्ष 12 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
आउटसोर्स से रखे जाएंगे चिकित्सा कर्मचारी
चंपावत। जिले में तीन स्थानों में आईसीयू के संचालन के लिए आउटसोर्स के माध्यम से 30 नर्सिग अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए खनिज न्यास निधि में 31.1628 लाख और 36 वार्ड बॉय, वार्ड आया, पर्यावरण मित्रों की तैनाती के लिए 29.583 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। आउटसोर्स से दो वाहन चालकों के लिए 2.0772 लाख और एक्सरे तकनीशियनों की तैनाती के लिए 1.038 लाख आवंटित कर दिए हैं। संवाद