पाटी (चंपावत)। भाजपा की परिवर्तन रैली सोमवार को पाटी पहुंची। छिनकाछिना से कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ परिवर्तन रैली को रामलीला मैदान लाए। रैली में शामिल प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा का जोरदार स्वागत किया।
रामलीला मैदान में आयोजित सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। कांग्रेस सरकार खनन और शराब माफिया को शरण देने का कार्य कर रही है। वक्ताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कुमाऊंनी में कहा कि रावत सरकार के हाथों प्रदेश सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी के मामले में भी कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस देश को खोखला कर देना चाहती है। इसलिए वह देश हित में किए गए कार्यों का भी विरोध कर रही है। गैरसैंण को राजधानी बनाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। सभा मे विधायक पूरन सिंह फर्त्याल भी प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे और कहा कि 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री सुरेश भट्ट ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक केसी पुनेठा, हयात सिंह महरा, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक, मंडल अध्यक्ष दीपक भट्ट, शोबन सिंह मौनी, बीना महराना, नवीन बोहरा, श्याम ढेक, कुंदन लडवाल, चंदन अधिकारी, भुवन गहतोड़ी, विद्याधर गहतोड़ी, प्रशांत बिष्ट, राकेश गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।