जवाहर नवोदय विद्यालय की पुरातन छात्रा ज्योति गहतोड़ी और प्रणय पांडेय ने सोमवार को विद्यालय में जाकर छात्र छात्राओं का मार्गदर्शन किया। ज्योति वर्तमान में आईआईटी गुवाहाटी से रसायन विज्ञान से एमएससी कर रही है। इससे पहले वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीएससी कर चुकी हैं। डीयू में पढ़ाई के दौरान वह तीनों साल टॉपर रही हैं।
सोमवार को ज्योति विद्यालय पहुंची। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिंदगी में कोई मुकाम पाना कठिन नहीं है, बस जरूरत है कठिन मेहनत और आत्मविश्वास की। कहा कि सुविधाओं से कटे ग्रामीण परिवेश के बाद भी वह कठिन मेहनत, माता, पिता और गुुरुजनों के आर्शीवाद से आईआईटी क्वालीफाई करने में सक्षम हो सकीं।
प्राचार्य बीनू जैन ने बताया कि ज्योति ने साल 2012 में नवोदय विद्यालय से 12वीं की परीक्षा पास की थी। ज्योति के अलावा विद्यालय के एक अन्य पुरातन छात्र प्रणय पांडेय ने भी अनुभव बांटे। प्रणय ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। वो वर्तमान में डीयू से बीएससी कर रहे हैं। वहां पर उप प्राचार्य आरके मिश्रा, के रमेश, पीपी शुक्ला, उमा राणा, नीलम गुलाटी और कमला परवाल थे।