साल की विदाई और नववर्ष के स्वागत को मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी है। करीब पचास हजार से अधिक श्रद्धालु देवी के दर्शन से नए साल की शुरुआत के लिए धाम क्षेत्र में डेरा जमा चुके थे। इधर, सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क बनी रही। धाम में मांस और मदिरा ले जाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है।
हर साल की तरह इस बार भी 31 दिसंबर मनाने दूर-दराज से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून आदि शहरों से काफी संख्या में लोग धाम पहुंचे हैं। रविवार अवकाश के कारण भीड़ अधिक रही। स्थिति यह रही कि सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी था।
सीओ आरएस रौतेला के मुताबिक देर शाम तक करीब चालीस हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि संचार संपर्क के लिए इस बार भैरव मंदिर में वायरलेस सेट लगाया गया है। ठुलीगाड़, भैरव मंदिर, काली मंदिर, मुख्य मंदिर के अलावा अन्य जरूरी स्थानों पर पर्याप्त फोर्स तैनात किया गया है।
मांस और शराब लाने वालों पर रही पुलिस की विशेष नजर
टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम जाने वाले यात्रियों पर पुलिस की कड़ी नजर रही। ककरालीगेट, बूम और ठुलीगाड़ चौकी पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने यात्रियों से करीब दो सौ शराब के अद्दे और पव्वे बरामद कर नष्ट किए। वहीं मांस लेकर जाने वालों को पुलिस ने लौटा दिया। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान मांस और शराब लेकर पूर्णागिरि जाने वालों पर विशेष नजर रही।
भक्ति गीतों पर थिरकते पैदल पहुंचे श्रद्धालु
टनकपुर। साल की विदाई और नए साल के स्वागत के लिए मां पूर्णागिरि धाम पहुंचे श्रद्धालुओं में टैक्सी एवं निजी वाहनों से आने वालों के साथ देवी का डोला लेकर पैदल भक्ति गीतों पर नाचते-गाते आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी कम नहीं थी। करीब ढाई दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं की टोली दूर-दराज से देवी मां का डोला लेकर पैदल मां के दरबार में पहुंचे।
भंडारा लगाकर सेवा करने वालों ने भी जमाया डेरा
टनकपुर। नए साल पर उमड़े श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारा सेवकों की टोलियां भी डेरा जमा चुकी हैं। कोतवाल वर्मा के मुताबिक भंडारा लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आई करीब 17 टोलियों को भंडारा लगाने की अनुमति दी गई है।