फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंपावत के आधार कार्ड केंद्र में ताला लटका

Tue, 19 Dec 2017 10:19 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंपावत।  
विज्ञापन
विज्ञापन
आधार कार्ड बनाने आए एक व्यक्ति ने केंद्र संचालक के साथ अभद्रता कर दी। इससे गुस्साए केंद्र संचालक ने आधार केंद्र को बंद कर दिया। साथ ही इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भेजकर सूचना भी दे दी गई है। केंद्र संचालक का कहना है कि कई बार उन्हें अभद्रता का सामना करना पड़ा है।
विज्ञापन


अब नई जगह केंद्र शिफ्ट होने के बाद ही आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। यहां बता दें कि जिले भर के पूरे पर्वतीय हिस्से के लोग इसी केंद्र में आधार कार्ड बनवाने पहुंचते हैं। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के जिला समन्वयक कुलदीप भंडारी ने बताया कि चंपावत जिला पंचायत परिसर में करीब दो माह पूर्व से खुले आधार कार्ड निर्माण केंद्र में कई बार लोगों की अभद्रता और दबाव झेलना पड़ रहा था।

मंगलवार को भी ग्यालीसेरान के एक व्यक्ति आधार कार्ड बनाने के लिए लाइन में लगे लोगों को हटाते हुए बायोमेट्रिक निशान लेने के लिए बेवजह दबाव बना रहा था। आरोप है कि मना करने पर उक्त व्यक्ति ने आधार कार्ड बनाने वाले के साथ अभद्रता की।
विज्ञापन


समन्वयक का कहना है कि सुरक्षा नहीं मिलने के चलते अब जिला पंचायत परिसर में बनाए गए इस केंद्र को बंद कर दिया गया है। किसी सरकारी विभाग के परिसर की तलाश कर नए स्थान पर आधार कार्ड केंद्र को खोला जाएगा। वहीं, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा का कहना है कि आधार कार्ड बनाने वाले केंद्र के कार्मिकों को सुरक्षा दी जाएगी। जल्द से जल्द आधार केंद्र काम करना शुरू करेगा। 

आधार बनाने को लगेगी 112 किमी की दौड़ 
चंपावत जिले के पहाड़ी हिस्से के लोगों को अब आधार कार्ड बनाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। चंपावत केंद्र के बंद होने से अब जिले में एकमात्र बनबसा में ही आधार कार्ड बनाने का केंद्र है। इस वजह से जिले के पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को अब आधार कार्ड बनवाने के लिए लंबी दौड़ लगानी पड़ेगी। बता दें कि बनबसा की बाराकोट से दूरी 112 किमी, लोहाघाट से 99 किमी और चंपावत से 86 किमी है। 

तमाम योजनाओं के लिए जरूरी है आधार नंबर 
तकरीबन हर सरकारी योजना और सुविधा के लिए आधार कार्ड जरूरी है। आयकर रिटर्न, स्थायी लेखा संख्या (पैन), बैंक खाता, भविष्य निधि खाता, पासपोर्ट, तमाम तरह की पेंशन, छात्रवृत्ति, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड, गैस कनेक्शन, सहकारी समितियों से खाद खरीदने के लिए आधार नंबर से लिंक आवश्यक है। चंपावत जिले में 2.51 लाख लोगों के आधार कार्ड बन चुके हैं। अभी भी सात हजार से अधिक लोग ऐसे हैं, जिनके आधार बनने हैं या आधार कार्ड में नाम, जन्म तिथि, पता आदि में सुधार किया जाना है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें