चंपावत। चंपावत जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनाती रोस्टर पर की गई है। अस्पताल में तीन जिलों की आठ स्त्री रोग विशेषज्ञों को 10-10 दिन के लिए रोस्टर वार तैनाती दी गई है। रोस्टर के तहत तैनात महिला अस्पताल हल्द्वानी की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निशा रानी पांच से 14 जनवरी तक मरीजों के इलाज के लिए नहीं पहुंची। इससे गर्भवतियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इलाज के लिए उन्हें निजी अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ी।
बता दें कि महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तारा आर्या ने आदेश जारी कर तीन जिलों की स्त्री रोग विशेषज्ञों की रोस्टरवार तैनाती की है। अब महिला अस्पताल हल्द्वानी की डॉ. बबीता को 15 से 24 जनवरी, जिला अस्पताल रुद्रपुर की डॉ. नम्रता पांडेय 25 जनवरी से तीन फरवरी, जिला अस्पताल अल्मोड़ा की प्रियंका लस्पाल चार से 13 फरवरी, सामुदायिक केंद्र किच्छा की डॉ. कनक बनौधा 14 से 23 फरवरी और जिला अस्पताल अल्मोड़ा से डॉ. कृतिका भंडारी 24 फरवरी से पांच मार्च तक रोस्टर वार गर्भवतियों का इलाज करेंगी।
कोट
जिला अस्पताल में रोस्टरवार स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती पहले ही हो गई थी, लेकिन डॉ. निशा रानी जरूरी कार्य के चलते चंपावत नहीं आ सकीं। रोस्टर के हिसाब से 15 जनवरी से महिला अस्पताल हल्द्वानी की स्त्री रोग विशेषज्ञ ने ज्वाइनिंग कर ली है। - डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी, पीएमएस, जिला अस्पताल, चंपावत।