लोहाघाट में नारेबाजी करते गुमदेश टैक्सी यूनियन के टैक्सी चालक।
- फोटो : अमर उजाला
पंचेश्वर टैक्सी स्टेंड के समीप बना नाला बंद होने से गटर का पानी सड़क पर आ रहा है। इससे टैक्सी चालकों में आक्रोश है। बुधवार को उन्होंने नगर पंचायत, लोनिवि और राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बंद नाले को खोलकर पानी की निकासी करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर टैक्सियों का संचालन ठप कर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
गुमदेश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मदन सिंह धौनी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद टैक्सी चालकों ने कहा कि टैक्सी स्टेंड के पास बना नाला बंद होने से गंदा पानी पानी स्टेंड में आ रहा है। इसके चलते यात्रियों को आवाजाही करने में परेेशानी हो रही है। चालकों का कहना है कि इस टैक्सी स्टेंड से चौमेल, किमतोली, पंचेश्वर, चमदेवल, मडलक, बाराकोट, रैघांव, सिमलखेत, रेगड़ू, लेटी, जमरसों, सुनकुरी आदि स्थानों के लिए टैक्सियों का संचालन होता है।
चालक पान सिंह कुंवर, कमलाकांत, ललित बोहरा, त्रिलोक सामंत, चंद्रबल्लभ भट्ट, दीपक राम, प्रवीन कुमार, नवीन कुमार, नाथू रावत आदि का कहना है कि कई बार समस्या के निदान की आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। इधर नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा का कहना है कि शुरू में बंद कलवर्ट को खुलावा गया था, लेकिन लोनिवि और एनएच की सड़क के नीचे कलवर्ट बंद हो गए हैं। इसे फिर से खुलवाने के लिए दोनों विभागों को निर्देश दिए जा चुके हैं।