गुडगांव (हरियाणा) मेें एक कंपनी की कैंटीन में काम करने वाला युवक अपने ही साथी कर्मचारी के लाकर से 76 हजार रुपये चुराकर भागा है। आरोपी युवक टनकपुर का रहने वाला बताया गया है। उसे पकड़ने यहां पहुंचे पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर स्थानीय पुलिस उसे खोजने में जुटी है।
गुडगांव में मुंजाल स्वा कंपनी की कैंटीन में काम करने वाले नेपाल के बैतड़ी जिला निवासी सुरेंद्र चंद पुत्र गोपी चंद ने अपने वेतन से बचाकर और साथियों से उधार मांगकर 76 हजार रुपये घर भेजने के लिए जमा कर लॉकर में रखे थे। 17 जून को रात्रि ड्यूटी पर तैनात कैंटीन का ही दूसरा कर्मचारी महेश सिंह नाथ लॉकर तोड़कर उसमें रखे रुपये और मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गया। आरोपी युवक को खोजते यहां पहुंचे पीड़ित ने बताया कि रुपये लेकर भागा युवक टनकपुर नगर पालिका गेट के आसपास रहता है। कोतवाल कमल राम आर्या ने बताया कि घटना गुड़गांव (हरियाणा) की है, लेकिन पीड़ित की शिकायत पर आरोपी युवक की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।