सीमांत तामली में चल रहे दशहरा महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। सोमवार की सांस्कृतिक संध्या कपकोट से आए लोक कलाकारों के नाम रही।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि दान सिंह बोहरा और विशिष्ट अतिथि शीष राम ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। शिखर हिमालय जन सांस्कृतिक कला समिति कपकोट के दल नायक किशोर कांछा के नेतृत्व में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी।
गोपाल चम्याल, मनोज शास्त्री, कमल पंत, बबलू, रवि, सीमा, सुमन, आरती आदि कलाकारों ने ईश वंदना के बाद ‘परदेश जान लै पहाड़ छूटि ग्यो, पहाड़ छूटि ग्यो’ तथा रानीखेत राम ढोला, घाम-घाम तलि के जान, डीडीहाट की छमना छोरी आदि की शानदार प्रस्तुतियां दी।
इस मौके पर गुरू गोरखनाथ पब्लिक स्कूल के छोटे छोटे बच्चों ने भी कुमाऊंनी नृत्य और अंग्रेजी नाटिका की प्रस्तुति दी। महोत्सव समिति अध्यक्ष विपिन जोशी, मदन पांडेय, राजेश पांडेय, महा सिंह, देवेंद्र जोशी, नवीन जोशी, राजेंद्र सिंह आदि ने कलाकारों का हौसला बढ़ाया। महोत्सव के अंतिम दिन लकी ड्रा का आयोजन भी किया जाएगा।