सीमा सड़क संगठन (ग्रिफ) की हीरक परियोजना के यहां स्थित कैंप कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी ने सोमवार की देर शाम एनएचपीसी पावर चैनल (नहर) में छलांग मार दी। घटना से ग्रीफ कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस व कुछ स्थानीय तैराकों की मदद से उसे चैनल में खोजा रहा है। देर रात तक वह नहीं मिल सका था।
यहां स्थित कैंप कार्यालय में कम्युनिकेशन ऑपरेटर के पद पर तैनात बालम सिंह (52) नामक ग्रीफ कर्मचारी ने शाम करीब सवा सात बजे सिल्ट इजेक्टर के समीप अचानक पावर चैनल में छलांग मार दी। इसी दौरान चैनल की सड़क पर टहल रहे ग्रीफ कर्मियों ने उसे चैनल में छलांग मारते देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी ग्रीफ कर्मियों ने बताया कि घटना स्थल से कुछ दूर तक उन्होंने उसे नहर में बहते देखा, लेकिन फिर वह डूब गया। सूचना पर एसडीएम अनिल चन्याल, सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल वीसी शर्मा व ग्रिफ के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस के तैराकों के अलावा मनिहारगोठ गांव के कुछ स्थानीय तैराक भी नहर में उसे खोजने में जुटे हैं। ग्रीफ कर्मियों ने बताया कि नहर में छलांग लगाने वाला कर्मचारी करीब छह माह पूर्व ही यहां पोस्टिंग आया है और उसका काशीपुर में मकान भी है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस व पीएसी की तैराक टीम नहर में लगातार कांटा डालकर उसे खोज रही है। फिलहाल वह नहीं मिल सका था।