चंपावत। भजनपुर प्राथमिक विद्यालय के जीर्णशीर्ण भवन का जल्द ही सुधारीकरण होगा। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विद्यालय का जीर्णोद्धार और दो अतिरिक्त कक्षा कक्ष का निर्माण किया जाएगा। बता दें कि लंबे समय से विद्यालय बदहाल होने के कारण यहां पढ़ने वाले करीब 250 बच्चों की सुरक्षा का खतरा बना रहता है।
प्राथमिक विद्यालय भजनपुर का 44.70 लाख की लागत की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। अतिरिक्त कक्षा कक्ष नहीं होने से एक ही कक्षा में दूसरी कक्षा के बच्चों को बैठाकर अध्ययन कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय भजनपुर निर्माण के लिए धन जारी होने के बाद पुराने विद्यालय भवन को ध्वस्त करने के बाद नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। कार्यदायी संस्था आरडब्ल्यूडी निर्माण कार्य करेगी। सीईओ महेरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि जल्द ही टेंडर कराने के बाद निर्माण की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
शिक्षा विभाग के निरीक्षण में मिली थीं कई खामियां
चंपावत। कुछ समय पूर्व शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय भजनपुर का निरीक्षण किया था। तब कई खामियां मिली थीं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक तो विद्यालय भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और एक कक्ष में दूसरी कक्षाओं के बच्चों को बैठाना पड़ रहा था। इससे काफी परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही थी। संवाद
अटल उत्कृष्ट स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति की मांग
चंपावत। जिले के अटल आदर्श उत्कृष्ट विद्यालयों में अध्यापकों की नियुक्ति को लेकर अभिभावकों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। अभिभावकों ने सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि जिले के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में हिंदी अंग्रेजी, कला और वाणिज्य विषय के चार पद खाली हैं। अभिभावकों ने चयनित अध्यापकों की जल्द नियुक्ति दिए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में पार्वती देवी, विमला देवी, चतुर सिंह, मदन सिंह, गीता देवी, जीवन जोशी, भावना देवी, कमला देवी आदि थे। संवाद