बनबसा (चंपावत)। ढाई माह से नेपाल से लापता युवती का बनबसा रीड्स संस्था के उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र कार्यकर्ताओं ने पता लगाया और उसे नेपाली संस्था के सुपुर्द किया। युवती अपने छह वर्षीय बच्चे को छोड़कर घर से चली गई थी। परिजनों ने नेपाल पुलिस में गुमशुदगी लिखाई थी।
नेपाल के कंचनपुर जिला मुख्यालय स्थित भीम दत्त नगर पालिका वार्ड संख्या 18 से पिछले वर्ष 25 नवंबर को लापता हुई एक युवती का पता लगाने को नेपाल पुलिस ने उज्ज्वला पुनर्वास केंद्र कार्यकर्ताओं से मदद की अपील की। बीते दिन उसे समझा बुझाकर नेपाल स्थित माइते संस्था के सुपुर्द कर दिया गया। वहां पुनर्वास केंद्र कार्यकर्ता सरोज चंद, प्रकाश चंद्र आर्या, विनीता रजवार आदि थे। पुनर्वास केंद्र समन्वयक ने बताया कि नेपाली युवती अपने पति के उत्पीड़न से तंग होकर भारत चली आई थी। वह सितारगंज में किसी के घर पर रह रही थी। संवाद