फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विचई के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोरी की मौत

Sat, 15 Jun 2019 11:01 PM IST
बृजमोहन बृजमोहन अमर उजाला ब्यूरो टनकपुर (चंपावत)
विज्ञापन
सुमन मौर्य (फाइल फोटो)। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
टनकपुर-बनबसा हाईवे पर शनिवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर राह चलती बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछाकर वाहन को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन


विचई निवासी आशा देवी के यहां बंटाई पर खेती करने वाले पीलीभीत जिले के पिपरिया भजा थाना गजरौला निवासी प्रेमचंद की बेटी सुमन मौर्य (14) शनिवार को अपनी छोटी बहन के साथ दुकान से दूध खरीदने गई थी। बताया गया कि सुमन छोटी बहन को घर के गेट के पास खड़ी कर दुकान की ओर जा रही थी कि सामने से अनियंत्रित गति से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

हादसा होते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। इससे पहले कि लोग मौके पर पहुंचते, चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच वहां पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायल बालिका को फौरन संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि सूचना पर बनबसा, चकरपुर और खटीमा थाने को सूचित कर पुलिस ने वाहन पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक बालिका के पिता किसी काम से बाहर गए थे, जबकि मां विमला देवी और छोटी बहन का अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्रा थी सुमन 
टनकपुर (चंपावत)। सुमन मौर्य पीलीभीत जिले के मरोरी ब्लॉक में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा नौ की छात्रा थी। इन दिनों विद्यालय में अवकाश के कारण वह छुट्टियां बिताने अपने परिवार के पास विचई (टनकपुर) आई हुई थी। सुमन के पिता प्रेमचंद यहां ठेके पर भूमि लेकर फल-सब्जी का उत्पादन कर परिवार की आजीविका चलाते हैं। तीन बहनों में सुमन मझली बेटी थी। उसका एक छोटा भाई है। सुमन की हादसे में मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

एक सप्ताह में दो हादसों में दो की जान गई
टनकपुर (चंपावत)। एक सप्ताह के अंदर टनकपुर-बनबसा के बीच हाईवे पर विचई गांव के पास यह दूसरी घटना है जिसमें वाहन ने राह चलती किशोरी की जान ली है। इससे पूर्व 12 जून को विचई में ही पुनेठा पुलिया के समीप बाइक सवार ने राह चलती माली तोता राम की 18 वर्षीय बेटी ममता को टक्कर मार दी थी जिसमें युवती और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के दो दिन बाद घायल युवती की पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें