टनकपुर (चंपावत)। शारदा रेंज से सटे आमबाग से लेकर बस्टिया गांव तक हाथियों के झुंड फसल को रौंद रहे हैं। रेंज के कर्मी अब खराब सोलर फेंसिंग की मरम्मत में जुट गए हैं। रेंजर पीसी जोशी ने बताया कि बस्टिया में सोलर फेंसिंग मरम्मत का कार्य जारी है। इसके बाद आमबाग में मरम्मत की जाएगी।
बस्टिया के समाजसेवी राम सिंह धौनी ने बताया कि बुधवार देर रात को भी हाथी ने फिर गांव में घुसकर आनंद सिंह बोहरा की गेहूं की फसल रौंद दी। रेंजर ने बताया कि नायकगोठ में करीब 500 मीटर लाइन की मरम्मत पूरी कर ली है। बस्टिया में भी 500 मीटर खराब लाइन की मरम्मत का कार्य बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इधर, वन दरोगा महेश अधिकारी ने बताया कि बस्टिया में मरम्मत कार्य पूरा होते ही आमबाग में खराब पड़ी लाइन की मरम्मत की जाएगी।