। जिले में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित सभी प्रकार की पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है, इसके बाद विभिन्न पेेंशन योजनाओं के 21,893 से अधिक लाभार्थियों और छात्रों को लाभ मिल सकेगा। अब लाभार्थियों को पेंशन भुगतान संबंधी जानकारी के लिए बैंक अथवा डाकघर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लाभार्थी कहीं से भी ऑनलाइन अपने पेंशन भुगतान संबंधी जानकारी का विवरण हासिल कर सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी पीसी जोशी ने बताया कि सभी पेंशन योजनाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है, जिसमें वृद्धावस्था पेंशन के 12,867 लाभार्थी, विधवा पेंशन के 5004, विकलांग पेंशन के 1913, किसान पेंशन के 1687, तीलू रौतेली पेंशन के 212 और परित्यक्ता विवाहित महिला पेंशन के 210 लाभार्थियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पेंशन योजनाओं के अतिरिक्त राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, शादी अनुदान, विधवाओं की पुत्री की शादी के लिए अनुदान, विधवा पुनर्विवाह, विकलांग विवाह प्रोत्साहन, गौरादेवी कन्याधन योजना, अनुसूचित जाति उपयोजना, जनश्री बीमा योजना, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति, पिछड़ी जाति छात्रवृत्ति, विकलांग छात्रवृत्ति और वृद्ध पुरोहितों के लिए भरण-पोषण अनुदान योजनाओं को भी ऑनलाइन कर दिया गया है।
लाभार्थियों को भेजा जाएगा एसएमएस से संदेश
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत पेंशन और छात्रवृत्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा अपडेट का लाभार्थियों को मोबाइल पर एसएमएस संदेश भेजा जाएगा। इसके लिए अलग से कंप्यूटर साफ्टवेयर स्थापित कर दिया गया है।
विभाग ने गठित किया आईटी प्रकोष्ठ
समाज कल्याण विभाग की ओर से पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं को ऑनलाइन करने के साथ इसके लिए बनाए गए साफ्टवेयर के संचालन के लिए अलग से आईटी (इनफोर्मेशन टेक्नॉलाजी) प्रकोष्ठ गठित किया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी पीसी जोशी के अनुसार इसके अलावा लाभार्थियों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 18001804094, टेलीफोन और टेलीफैक्स सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।