चंपावत रोडवेज बस स्टेशन से शांत बाजार मार्ग में गेट में लगा ताला।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। जिला मुख्यालय के रोडवेज बस स्टेशन में तीन दिनों से बाजार संपर्क मार्ग बंद करने से स्थानीय निवासियों ने रोष जताया है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा को ज्ञापन सौंप बंद गेट को खुलवाने की मांग की है।
शांत बाजार के नागरिकों का कहना है कि पूर्व में एआरएम से वार्ता के बाद गेट को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक खोला जाना तय हुआ था, लेकिन तीन दिनों से गेट को फिर से बंद किया गया है। इससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस से उतरते ही यात्री गेट के पास आते हैं, लेकिन ताला देख लौट जाते हैं। बहुत से यात्री गेट के ऊपर से आने का प्रयास करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा है। ज्ञापन देने वालों में चंचल सिंह कुंवर, विनोद सिंह, नीरज सिंह, मनोज रावत, अभिषेक सिंह, सतीश तिवारी, मोहन सिंह महर, अंकित खर्कवाल, मीनाक्षी कोहली आदि रहे।