चंपावत कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सीमांत रौसाल के ग्रामीण।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। सीमांत क्षेत्र विकास निधि (बीएडीपी) के कामों में गड़बड़ी के खिलाफ नेपाल सीमा से सटे रौसाल के ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर (बीएडीपी) कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इन कार्यों की जांच करने की पुरजोर मांग उठाई। जांच न होने पर वह जन आंदोलन करने की चेतावनी दी।
पंचायत प्रतिनिधि त्रिलोक सिंह की अगुवाई में 60 किमी दूर से जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि सीमांत क्षेत्र विकास निधि के कार्यों में जबरदस्त गड़बड़ी चल रही है। योजनाओं को चयनित स्थान के बजाय दूसरे स्थानों में महज धन खपाने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। इसकी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा ग्रामीणों ने रौसाल क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने, किमतोली रौसाल मोटर मार्ग का डामरीकरण करने, एससीपी व बीएडीपी के कार्यों की जांच और कायल ग्राम सभा को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग करते हुए डीएम विनीत तोमर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में राजेंद्र सिंह, मोहन सिंह, दान सिंह, संजय कुमार, चंद्र कांत तिवारी, महेंद्र सिंह, हुकुम सिंह आदि शामिल रहे।