लोहाघाट की नजूल भूमि को फ्री होल्ड करने की मांग को लेकर उपवास में बैठे भगीरथ भट्ट।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नजूल भूमि फ्रीहोल्ड करने की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगीरथ भट्ट ने एक दिनी सांकेतिक उपवास रखा।
नजूल भूमि फ्रीहोल्ड कराने की मांग को लेकर भगीरथ भट्ट ने रविवार को अपने आवास पर उपवास किया। कहा कि 2012 में सरकार ने लोहाघाट नगर की भूमि को नजूल मानते हुए भूमि की कीमत की 25 फीसदी राशि जमा कराने को कहा था। इसके बाद लोहाघाट के 1499 नागरिकों ने अपनी भूमि फ्रीहोल्ड कराने के लिए चार करोड़ रुपये राजकोष में जमा करवाए थे। राशि जमा होने के बाद राजस्व विभाग ने भूमि की नापजोख, सर्वे, पत्रावलियों का निस्तारण किया था। इसके बावजूद राज्य सरकार की उदासीनता के कारण आठ साल से मामला लटका है। वहीं एसडीएम आरसी गौतम ने बताया कि नजूल भूमि का मामला न्यायालय में लंबित हैै। इस संबंध में लगातार शासन से पत्राचार किया जा रहा है। जैसे निर्देश मिलेंगे, उसके अनुरूप आगे की कार्यवाही की जाएगी।