एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा की ओर से शुक्रवार को किए औचक निरीक्षण में स्वजल कार्यालय के 10 में से चार कर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। चारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा क्षमता से दोगुनी सवारियां बैठाने पर दो वाहनों का चालन करने के साथ चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निरस्त करने की संस्तुति की गई।
शुक्रवार को एसडीएम ने तमाम दुकानों, कार्यालयों और सरकारी सस्ता गल्ला की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि तामली रोड में नौ सवारी में पास वाहन में 17 सवारियां और 11 सवारियों में पास वाहन में 14 सवारियां बैठी थीं। चालन करने के साथ डीएल निरस्त करने की संस्तुति की है। कामन सर्विस सेंटर (सीआरसी) आरके कंप्यूटर में चार लाभार्थियों के कागजात लंबे समय से ऑनलाइन नहीं किए गए थे। आंगनबाड़ी केंद्र चौकी में दो बच्चे कुपोषित पाए गए। जिस पर एसडीएम ने कार्यकर्ती को दुगुना पुष्टाहार देने के निर्देश दिए। बीज विपणन दुकानों में स्थिति ठीक पाई गई।
विज्ञापन
तय समय में बंद मिली सस्ते गल्ले की दुकान
सरकारी सस्ता गल्ला मल्लीहाट की दुकान तय समय में बंद मिली। कार्यवाही करते हुए एसडीएम ने दुकान स्वामी को नोटिस भेजने के साथ ही तमाम दस्तावेज तलब किए हैं। इसके अलावा फूंगर सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान के अभिलेख भी तलब किए हैं। उन्होंने कहा कि तय समय में सस्ता गल्ला की दुकान बंद मिलने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
स्कूलों में कम पाई गई छात्रों की उपस्थिति
एसडीएम ने तीन सरकारी स्कूलों का भी निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फूंगर में सौ में से मात्र पांच छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय सल्ला में 23 में से 14 छात्र छात्राएं मौजूद थे। इस संबंध में विभागीय अधिकारी से जवाब मांगा है।