लोहाघाट (चंपावत)। अंगीठी की गैस लगने से विकासखंड बाराकोट के पुनियाल गांव के चार लोग बेहोश हो गए। आनन फानन में रातों रात परिजन उन्हें उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाए। एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार की रात को प्रहलाद सिंह(47) अपनी पत्नी बसंती देवी(45) पुत्र रोहित (14) और रोशन (12) के साथ ठंड से बचने के लिए अंगीठी में आग जलाकर सो गए। रात को धीरे धीरे चारों को अंगीठी की गैस लगनी शुरू हो गई। रात करीब चार बजे जब उन्हें गैस लगने का आभास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया, शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली उनकी बहू घर में आई। आस पड़ोस के लोगों की मदद से चारों को कमरे से बाहर निकाला। चारों में से रोहित को कम गैस लगी थी वह स्वस्थ था, जबकि प्रहलाद, बसंती और रोशन को अधिक गैस लगने से उन्हें लोहाघाट अस्पताल लाया गया। उप जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ.जुनैद कमर ने बताया कि तीनों लोगों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया, प्रहलाद और बसंती की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया जबकि रोशन की हालत गंभीर होने से उसे चंपावत जिला अस्पताल रेफर किया गया है।