चंपावत। नगर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) की ओर से करीब 1.28 करोड़ की लागत से कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए कक्षा-कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलने की उम्मीद है।
प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में कक्षा छह से 12वीं तक करीब 685 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप कक्षा-कक्षों की कमी के चलते अतिरिक्त कक्षों की जरूरत थी। निर्माण होने के बाद बच्चों का बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और पठन पाठन सरल होगा।
ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दताल ने बताया कि चारों कक्षा-कक्षों का निर्माण निर्धारित समय से पहले पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बताया कि शासन से निर्माण के लिए 60 प्रतिशत धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। राज्य वित्त से होने वाले इस निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया गया है।