चंपावत के मछियाड़ में तेज बहाव में क्षतिग्रस्त पैदल पुलिया। संवाद
रीठासाहिब /चंपावत। जिले के मछियाड़ में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण चार पैदल पुलिया, संपर्क मार्ग, पेयजल लाइन समेत किसानों के खेत मलबे में तब्दील हो गए। पाटी तहसील के मछियाड़ में सुबह अतिवृष्टि ने पैदल पुलिया सेला गहरी मछियाड़, तल्ली रौ मछियाड़, शीला देवी मछियाड़, मड्यूला मछियाड़ बह गई। इससे लोगों के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण जगह-जगह गाड़, गधेरे उफान पर आ गए। लोग डर के मारे घरों से बाहर आ गए। राजस्व निरीक्षक ज्योति ने क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीणों की बाइकें भी बह गई। इसमें एक बाइक नहीं मिली है। एक परिवार को अन्यत्र शिफ्ट किया गया है।