चंपावत। चंपावत के चार डॉॅक्टर उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की परीक्षा में सफल रहे हैं। कोर्स और साक्षात्कार के अंकों के आधार पर पास हुए इन चारों डॉक्टरों को स्थायी नियुक्ति दे दी गई है।
इस वक्त ये सभी डॉक्टर बांड के जरिये सेवा दे रहे थे। कोरोना काम में सैंपलिंग और टीकाकरण में बेहतरीन सेवा देने वाले डॉ. मनीष बिष्ट और उनके छोटे भाई डॉ. अंकुर बिष्ट के अलावा डॉ. अभिषेक खर्कवाल और डॉ. गौरव ओली ने राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की है। बोर्ड ने 21 मार्च को प्रदेश में 403 डॉक्टरों की चयन सूची जारी की थी। नए डॉक्टरों के मिलने से काफी हद तक डॉक्टरों की कमी से निजात मिल सकेगी। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि इस वक्त चंपावत जिले में 107 डॉक्टरों के सापेक्ष 59 डॉक्टर तैनात हैं।