लोहाघाट (चंपावत)। अंबाला (पंजाब) में शराब की दुकान में सेल्समेन का कार्य करने वाले विकासखंड के फोर्ती निवासी व्यक्ति की हत्या कर दी गई। व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने पर परिजन जहां सकते में हैं, वहीं गांव में मातम है। परिजन शव को लेने अंबाला रवाना हो गए हैं।
ग्राम प्रधान विमला पुनेठा ने बताया कि फोर्ती निवासी जगदीश चंद्र पुनेठा (52) पुत्र शिव दत्त पुनेठा अंबाला में शराब की दुकान में सेल्समैन थे। उन्होंने बताया कि जगदीश के साथियों ने उन्हें मंगलवार सुबह फोन कर जगदीश की हत्या होने की सूचना दी। हत्या की सूचना मिलते ही जगदीश की पत्नी जीवंती पुनेठा, पुत्र ललित, बिट्टू और पुत्री दीक्षा में कोहराम मच गया। शेखर ने बताया कि जगदीश करीब 15-20 वर्षों से अंबाला में शराब की दुकान में सेल्समेन के रूप में कार्य कर रहे थे।
उनके बच्चे गांव में ही रहते हैं। वह समय-समय पर घर आया करते थे। जगदीश की हत्या के बाद पत्नी, बच्चे सहित ममेरे भाई किशोर सक्टा, साला शेखर पांडेय, भाभी बसंती पुनेठा अंबाला रवाना हो गए हैं। प्रधान प्रतिनिधि शेखर पुनेठा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार अंबाला में ही किया जाएगा। जगदीश की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।