खटीमा रेंज के जंगल में लगी भीषण आग बमनपुरी गांव की ओर फैलने से गांव को खतरा पैदा हो गया। बमुश्किल ग्रामीणों और दमकल ने आग पर काबू पाया। आग बुझने में कुछ देर हो जाती तो बमनपुरी और स्ट्रांगफार्म में गेहूं की फसल के साथ ही गांव को गंभीर खतरा पैदा हो जाता।
शनिवार दोपहर बाद बमनुपरी गांव के पश्चिमी छोर पर हुड्डी नदी तट पर जंगल में भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया और गांव की ओर बढ़ने लगी। बमनपुरी के ग्रामीणों के अलावा स्ट्रांग फार्म के लोगों और अनाथालय के बच्चे आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर पुलिस ने टनकपुर से दमकल बुलाया, लेकिन दमकल को मौके तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने टनकपुर से छोटा दमकल भी मंगा लिया।
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। एसआई बीएस सम्मल ने बताया कि मार्ग न होने से दमकल को गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई हुई। आग बुझाने में एलआईयू प्रभारी भाष्कर बडोला, वनरक्षक कमालुद्दीन, प्रधान गिरधारी लाल, स्ट्रांगफार्म के उपनिदेशक क्लिफटन शिप्वे, सचिव युजिन जार्ज के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण, अनाथालय के बच्चे, पुलिस दल ने सहयोग दिया।