टनकपुर शारदा नदी से बाहर की गई जेसीबी।
- फोटो : amar ujala
टनकपुर की शारदा नदी में सात करोड़ रुपये की लागत से बांध सुरक्षा से संबंधित काम करा रहे सिंचाई विभाग की जेसीबी को वन विभाग ने बृहस्पतिवार को बाहर खदेड़ दिया। सिंचाई विभाग शारदा नदी तट पर बगैर विधिक अनुमति के जेसीबी का उपयोग कर रहा था। अमर उजाला ने 31 जनवरी के अंक में खबर छापी। इसके बाद वन विभाग हरकत में आया और विभाग की टीम ने मौके पर जाकर कार्रवाई की।
वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार ने बताया कि सिंचाई विभाग को बांध सुरक्षा के काम के लिए शारदा नदी के रुख को मोड़ने के लिए नियम के तहत काम करने को कहा गया है। कहा कि जेसीबी का उपयोग किसी भी हाल में नहीं होने दिया जाएगा। बृहस्पतिवार सुबह वन दरोगा हीरा सिंह जीना के नेतृत्व में कैलाश सिंह, नंदाबल्लभ कांडपाल सहित विभागीय टीम शारदा घाट पहुंची। टीम ने वहां मौजूद सिंचाई विभाग की जेसीबी को बाहर का रास्ता दिखा दिया।
वन क्षेत्राधिकारी रजवार ने कहा कि अगर सिंचाई विभाग फिर से नियमों को ताख पर रखकर कार्य करेगा तो उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सिंचाई विभाग ने बृहस्पतिवार को दिनभर कोई काम नहीं किया।
इधर सिंचाई विभाग टनकपुर के अभियंता आरके यादव ने कहा कि फिलहाल काम रोक दिया गया है। साथ ही इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। बता दें कि नदी के डायवर्जन के लिए विभाग मैन्युल (मजदूरों के जरिए) काम के स्थान पर विधिक अनुमति के बगैर कई दिनों से जेसीबी का उपयोग कर रहा था।