टनकपुर (चंपावत)। ग्रिफ अस्कोट के एक कर्मी की नगर के होटल में तबियत बिगड़ने और अस्पताल में डॉक्टर की ओर से मृत घोषित करने के मामले में फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई है। प्रभारी कोतवाल सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि होटल के कमरे की फॉरेंसिक टीम जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चलेगा। इधर, रविवार को ग्रिफ अस्कोट के कर्मी पोस्टमार्टम के बाद मृतक कर्मी का पार्थिव शव केरल के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि शनिवार दोपहर नगर के एक होटल में मूलरूप से केरल के ग्राम चिंगाली, जिला आल्पी निवासी आर कोशला कुमार पुत्र राजन की हालत बिगड़ने पर उप जिला अस्पताल में लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर ग्रिफ यूनिट को सूचना दी थी।
कोतवाली में ग्रिफ अस्कोट के अधिकारी गिरीश ने बताया कि मृतक आठ जनवरी से 89 दिन के अवकाश पर था। उसके परिजनों को सूचना दे दी है। उसके परिवार में एक पुत्री और एक पुत्र है। साथी कर्मी के पार्थिव शरीर को बरेली तक वाहन और उसके बाद जहाज से केरल लेकर जाएंगे। वह 83 आरसीसी में तैनात था। इधर, कोतवाली प्रभारी कोरंगा ने बताया कि जांच जारी है।