चंपावत। अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता के खिताब पर आल्मामैटर स्कूल की टीम ने कब्जा जमाया। फाइनल मुकाबले में उसने आनंद बाल विद्या मंदिर को 2-1 से हराया। जबकि अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता के अन्य मैच में नवोदय विद्यालय ने विवेकानंद विद्यामंदिर को मात दी।
गोरलचौड़ मैदान में अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता की खिताबी भिड़ंत आल्मामैटर और आनंद बाल विद्या मंदिर के बीच हुई। आल्मामैटर की टीम ने शुरुआत से ही अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। मैच के पहले हाफ में किंचित ढेक ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके कुछ समय बाद ही आनंद बाल विद्यामंदिर के अमन ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया।
दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में आल्मामैटर के किंचित ढेक ने एक और गोल कर टीम को खिताब दिला दिया। अंडर-17 में जवाहर नवोदय ने विद्यामंदिर की टीम को हराया। नवोदय की तरफ से हिमांशु, संजय माहरा ने गोल किए जबकि विद्यामंदिर के योगेश ही गोल कर सके।
अतुल अधिकारी, संदीप, रोहित निर्णायक थे। सभासद नरेश जोशी, आल्मामैटर स्कूल के प्रबंधक मदन महर, शिक्षक डीसी शर्मा ने पुरस्कार बांटे। वहां प्रदीप बोरा, मंदीप ढेक, विक्की चौधरी, मुकेश वर्मा, सुनील गड़कोटी, गौरव पंत आदि थे।