चंपावत। श्यामलाताल के मिनी फूड पार्क के लिए अभी और इंतजार करना होगा। बिजली कनेक्शन न होने से ये नौबत आ रही है। इस पार्क को स्वतंत्रता दिवस तक शुरू होना था, लेकिन अब इसमें तीन हफ्ते और लगने की बात कही जा रही है।
श्यामलाताल क्षेत्र में गडेरी, गेहूं, धान, अदरक, तेजपात की बेहतर खेती होती है। मौनपालन, जड़ीबूटी उत्पादन भी होता है। मैदानी क्षेत्र टनकपुर से सिर्फ 30 किमी दूर होने के बावजूद यहां के किसानों को उपज का वाजिब मूल्य नहीं मिल पाता था। इस क्षति की भरपाई के लिए बीएडीपी से दस लाख रुपये में यह मिनी फूड पार्क बना। फूड पार्क में तेल मिल, आटा चक्की, धाना मशीन, मसाला मशीन, लेबलिंग, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, मापन मशीन लगाई गई है। इस पार्क में मधुमक्खी के छत्तों से मशीन के जरिये शहीद भी निकाला जाएगा। ग्रामीणों के कृषि उत्पादों को पीसने के साथ ही स्वयं सहायता समूह भी यह उत्पाद बेचेंगे। फिलहाल बिजली कनेक्शन के अभाव में इस मिनी फूड पार्क शुरू नहीं हो पा रहा हैं। मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने बताया कि पंचायतघर में कम क्षमता का बिजली कनेक्शन है। कई मशीनें अधिक क्षमता की हैं। इनके लिए थ्री-फेस बिजली कनेक्शन की जरूरत है। इसके लिए आवेदन किया जा रहा है। 15 सितंबर तक कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।