देवीधुरा में बैठक करते मां बाराही मंदिर समिति के पदाधिकारी और सदस्य। संवाद
देवीधुरा/पाटी (चंपावत)। मां बाराही धाम देवीधुरा में 27 अगस्त से शुरू होने वाले 15 दिनी बगवाल मेले की तैयारी जोरों पर है। मुख्य मेला 31 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा। मां बाराही धाम में मंदिर कमेटी और चार खाम के मुखिया और पुजारियों की रविवार को हुई बैठक में मेले को भव्यता के साथ कराने पर मंथन हुआ। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में तय किया गया कि मंदिर समिति चारों खामों के अलग-अलग रंगों के ध्वज बनाकर खामों के मुखियाओं को सौंपेगी।
हर खाम की पोशाक (लमगड़िया खाम की पोशाक पीली, वालिक की सफेद, चम्याल की गुलाबी और गहरवाल खाम की लाल) अलग-अलग रंग की होगी। इन पोशाकों को खुद खामों के योद्धा ही बनवाएंगे। मंदिर के पुजारियों का धोती-कुर्ता भगवा रंग का होगा। बैठक में संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, महामंत्री रोशन लमगड़िया, कोषाध्यक्ष दीपक चम्याल, उपाध्यक्ष रमेश राणा, खीम सिंह लमगड़िया, दीवान सिंह, त्रिलोक सिंह, वीरेंद्र सिंह, गंगा सिंह, हयात सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।
गहरवाल खाम के योद्धा भवन को बनाने की मांग
देवीधुरा (चंपावत)। मां बाराही धाम में योद्धा भवन पिछले साल बन चुका है लेकिन ये योद्धा भवन चार खामों के बजाय तीन ही खाम के बन सके हैं। भूमि संबंधी मामला न सुलझने से गहरवाल खाम का योद्धा भवन बनना बाकी है। गहरवाल खाम के मुखिया त्रिलोक सिंह बिष्ट ने गहरवाल खाम का योद्धा भवन मानसखंड योजना में बनाने की मांग की है। संवाद