चंपावत नगर पालिका बोर्ड की बैठक लेते अध्यक्ष विजय वर्मा और अन्य सदस्य।
- फोटो : CHAMPAWAT
तहनगर पालिका बोर्ड की बैठक में तहबाजारी शुल्क 10 से बढ़ा कर 15 रुपये करने का प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान सभासदों ने नगर के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और कूड़ा वाहन चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की। पालिकाध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों को सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
सोमवार को पालिका सभागार में हुई बोर्ड बैठक में कई सभासदों ने सफाई कर्मचारियों पर शिकायतों को अनसुना करने का आरोप लगाया। कहा कि नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने सफाई कर्मचारियों को सभासदों की शिकायतों का निस्तारण करने को कहा।
बैठक में रास्ता निर्माण, पेयजल समस्या, पथ प्रकाश समेत कई समस्याएं उठाई गईं। पालिका के नियमित कर्मचारियों का न्यू पेंशन योजना के तहत अंशदान काटे जाने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास किया गया। ईओ अभिनव कुमार के संचालन में हुई बैठक में सभासद नंदन तड़ागी, बबीता भट्ट, रोहित बिष्ट, रेखा तिवारी, लक्ष्मीदेवी व मोहन भट्ट, सिटी मैनेजर महेश चौहान, जगदीश साह, पुष्पा धानिक, मनमोहन सिंह रौतेला, दीक्षा वर्मा आदि मौजूद रहे।