चंपावत। चंपावत जिला मुख्यालय में भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त प्रदेश स्तरीय नेता समेत पांच को निष्कासित किया है। इनमें दो दंपती शामिल हैं जो भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। जबकि पालिकाध्यक्ष की दावेदारी करने वाली गंगा सिंह खाती और उनके पति को भी इस मामले में निष्कासित किया गया है।
निकाय चुनाव के दिन करीब आते ही भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की सूचनाएं सामने आने लगी हैं। इससे भाजपा की परेशानी बढ़ रही हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की संस्तुति पर जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा गंगा सिंह खाती और उनके पति बूथ अध्यक्ष शंकर सिंह खाती, शक्तिकेंद्र संयोजक कैलाश पांडेय, लोकेश पुनेठा और उनकी पत्नी तनुजा पुनेठा के खिलाफ कार्रवाई की है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार अंतिम समय में भी खुफिया तरीके से नेताओं पर नजर रखी जा रही है। पार्टी ने नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा की सूचना के आधार पर इन सभी को निष्कासित किया है। पूर्व में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष चंपावत विजय वर्मा, उनकी पत्नी ममता वर्मा, बूथ अध्यक्ष बनबसा विजेंद्र कुमार, सनी देवल को निष्कासित किया जा चुका है। इसमें बनबसा के बूथ अध्यक्ष विजेंद्र कुमार ने पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस की सदस्यता ली और अब कांग्रेस के टिकट पर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं।