सीआईएसपी की महिला अधिकारी एसआई गीता समेटा। स्रोत : सीआईएसएफ
बनबसा (चंपावत)। पहली बार सीआईएसएफ की किसी महिला अधिकारी ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट को फतह किया है। एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन में तैनात सीआईएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट (एसी) राजेश कुमार ने जवानों को बताया कि सीआईएसएफ में तैनात एसआई गीता समेटा ने 19 मई की सुबह एवरेस्ट पर विजय पताका फहराया। उन्होंने जवानों को इस तरह के अभियानों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
सीआईएसएफ के एसी ने बताया कि गीता एवरेट फतह करने वाली सीआईएसएफ की पहली महिला अधिकारी हैं। वह राजस्थान के सीकर जिले के चक गांव की रहने वाली हैं। वर्ष 2011 में उन्होंने सीआईएसएफ ज्वाइन किया। वर्ष 2015 में उन्हें उत्तराखंड के औली स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी प्रशिक्षण संस्थान में छह सप्ताह के बुनियादी पर्वतारोहण प्रशिक्षण के लिए चुना गया। वह अपने बैच में एकमात्र महिला प्रतिभागी थीं।
वर्ष 2019 में उत्तराखंड की माउंट सतोपंथ (7075 मीटर) और नेपाल की माउंट लोबुचे (6119) मीटर पर सफलता पूर्वक चढ़ाई की। वर्ष 2021-22 में आस्ट्रेलिया में माउंट कोसियस्जको (2228 मीटर), रूस में माउंट एल्ब्रस (5642 मीटर), तंजनिया में माउंट किलिमंजारो (5895 मीटर) और अर्जेटीना में माउंट एकाॅनकागुआ (6961 मीटर) को छह माह और 27 दिनों में फतह किया। उन्होंने 19 मई 2025 को विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट (8849 मीटर) फतह की। उन्हें वर्ष 2023 में दिल्ली महिला आयोग ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय का गिविंग्स विंग्स टू ड्रीम अवार्ड भी मिला है।