एक कपड़ा व्यवसायी के गोदाम में लगी आग से लाखों रुपये के कपड़े के थान जल गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। वहीं, आग लगने की सूचना से बाजार में हड़कंप मचा रहा। आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो पाया है।
रविवार दोपहर करीब 2.45 बजे रेलवे बाजार में छोटू साइकिल स्टोर के स्वामी मो. उमर ने पास स्थित अनुपम वस्त्र भंडार के गोदाम से धुआं निकलता देख शोर मचाना शुरू किया। इसी बीच व्यापार मंडल महामंत्री भरत भंडारी ने दमकल को सूचित किया।
दमकल के पहुंचने तक आसपास के व्यापारी और लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ समय बाद ही वहां पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कपड़ा व्यापारी का गोदाम जल गया था। व्यापारी नवीन गुप्ता ने करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है।
उनका कहना है कि धुएं और पानी से भीगकर कपड़े के थान भी लगभग बेकार हो गए हैं। सीओ राजन सिंह रौतेला ने बताया कि आग लगने का कारण जांच से ही स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने गोदाम में बिजली न होने से शार्ट-सर्किट की आशंका से इनकार किया है। थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने गोदाम के पीछे किसी के द्वारा कूड़ा जलाया जाने की पुष्टि की है। पटवारी वीरेंद्र कुमार ने चार लाख रुपये के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है।